सरगुजा

नशा मुक्ति अभियान को मिला जनसमर्थन
12-Aug-2026 8:31 PM
नशा मुक्ति अभियान को मिला जनसमर्थन

6 दिनों में 63 हजार ने ली नशा छोडऩे की शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 अगस्त। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान’ को सरगुजा संभाग में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। छह अगस्त से शुरू हुआ यह अभियान 20 अगस्त तक जारी रहेगा। अभियान के शुरुआती छह दिनों में ही संभाग के विभिन्न क्षेत्रों में 63 हजार लोगों ने नशा छोडऩे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की प्रतिज्ञा ली।

अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विभिन्न संस्थानों और सार्वजनिक स्थानों पर नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रमों में ब्रह्माकुमारीज के वक्ताओं ने नशे के कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों को व्यसनमुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान राजयोग ध्यान और आध्यात्मिक सशक्तिकरण के माध्यम से नशे से दूर रहने के सरल उपाय भी बताए जा रहे हैं। संस्था की सरगुजा संभाग प्रभारी बीके विद्या बहन ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक नशा मुक्ति का संदेश पहुंचाकर स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

संस्था के अनुसार, राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत अब तक एक करोड़ से अधिक लोगों ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली है। अभियान 20 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट