सरगुजा

अंबिकापुर में 713 ई-रिक्शा फिटनेस फेल, फिर भी सडक़ों पर दौड़ रहे वाहन
11-Aug-2026 8:54 PM
अंबिकापुर में 713 ई-रिक्शा फिटनेस फेल, फिर भी सडक़ों पर दौड़ रहे वाहन

 कलेक्टर से जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 अगस्त। शहर में फिटनेस फेल ई-रिक्शा के अंधाधुंध संचालन को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। इस संबंध में कलेक्टर सरगुजा को ज्ञापन सौंपकर फिटनेस फेल ई-रिक्शा के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और संयुक्त जांच अभियान चलाने की मांग की गई है।

ज्ञापन के अनुसार, अंबिकापुर आरटीओ कार्यालय में 18 जून 2026 तक कुल 1251 ई-रिक्शा पंजीकृत हैं। इनमें से केवल 538 ई-रिक्शा का फिटनेस प्रमाणपत्र वैध है, जबकि 713 ई-रिक्शा फिटनेस फेल बताए गए हैं। आरोप है कि फिटनेस फेल होने के बावजूद बड़ी संख्या में ई-रिक्शा शहर की सडक़ों पर बेखौफ संचालित हो रहे हैं।

ज्ञापनकर्ता कैलाश मिश्रा ने कहा है कि तकनीकी रूप से फिट न होने वाले वाहनों का सडक़ पर संचालन आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है।

ऐसे वाहनों की स्थिति, ब्रेक, लाइट सहित अन्य तकनीकी खामियों की जांच आवश्यक है।

उन्होंने मांग की है कि यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम गठित कर शहर में सघन जांच अभियान चलाया जाए। जांच के दौरान फिटनेस फेल ई-रिक्शा की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि अनियंत्रित रूप से चल रहे ई-रिक्शा के संचालन पर अंकुश लगाया जा सके और सडक़ पर चलने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


अन्य पोस्ट