सरगुजा

1 करोड़ के जेवरात की उठाईगिरी, आरोपी अब भी गिरफ्त से दूर
10-Aug-2026 9:25 PM
1 करोड़ के जेवरात की उठाईगिरी, आरोपी अब भी गिरफ्त से दूर

 सुराग नहीं मिलने पर सराफा कारोबारियों ने खोला मोर्चा

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर, 10 अगस्त। नगर में दिनदहाड़े करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात की उठाईगिरी की घटना को लंबा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। मामले में संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने और चोरी गए जेवरात की बरामदगी को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आने से सराफा व्यापारियों का आक्रोश अब आंदोलन में बदल गया है।

पुलिस की कार्रवाई और अब तक की जांच से असंतुष्ट सराफा व्यापारी एवं व्यापारी संघ ने थाना परिसर के बाजू में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि इतनी बड़ी वारदात के बाद पुलिस द्वारा जल्द कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया था, लेकिन आश्वासन के बावजूद अब तक कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया।

व्यापारियों के मुताबिक आंदोलन शुरू करने से पहले एसडीओपी एवं थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बावजूद जब आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो व्यापारियों ने अब सडक़ पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

व्यापारी संघ ने साफ कर दिया है कि यह धरना किसी एक व्यापारी का नहीं, बल्कि पूरे व्यापारिक वर्ग की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। उनका कहना है कि दिनदहाड़े इतनी बड़ी वारदात के बाद भी यदि आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं तो इससे क्षेत्र के व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढऩा स्वाभाविक है।

गिरफ्तारी तक जारी रहेगा आंदोलन

व्यापारियों ने दो टूक कहा है कि जब तक वारदात के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और चोरी गए जेवरात की बरामदगी के लिए ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।


अन्य पोस्ट