सरगुजा

कपड़ा दुकान में घुसा 5 फीट का करैत
10-Aug-2026 9:23 PM
कपड़ा दुकान में घुसा 5 फीट का करैत

वन अमले ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ जंगल में छोड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर,10 अगस्त। नगर के प्रतीक्षा बस स्टैंड के समीप स्थित एक कपड़ा दुकान में रविवार रात करीब पांच फीट लंबा करैत सांप घुसने से हडक़ंप मच गया। दुकान में मौजूद लोग तत्काल बाहर निकल आए। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की रात करीब 9 बजे संजय वस्त्रालय में दुकान बंद करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान सामान समेटते समय दुकानदार की नजर दुकान के अंदर मौजूद करैत सांप पर पड़ी। सांप देखते ही दुकान में अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद लोग बाहर निकल गए। इसके बाद एहतियात के तौर पर दुकान के आसपास ब्लीचिंग पाउडर का छिडक़ाव भी किया गया।

सांप दुकान में होने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच वन विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद करैत सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। बाद में उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़ दिया गया।

सांप के रेस्क्यू के बाद दुकानदार समेत आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। वन विभाग की टीम ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि घर, दुकान या बाड़ी में सांप दिखाई देने पर उसे मारने का प्रयास न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।


अन्य पोस्ट