सरगुजा

सीसीटीएनएस के लंबित कार्यों पर एएसपी सख्त, समय-सीमा में डाटा अपडेट करने के निर्देश
09-Aug-2026 8:26 PM
सीसीटीएनएस के लंबित कार्यों पर एएसपी सख्त, समय-सीमा में डाटा अपडेट करने के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 अगस्त। पुलिसिंग को तकनीकी रूप से मजबूत करने और ऑनलाइन डाटा प्रबंधन में तेजी लाने के लिए सरगुजा पुलिस ने लंबित सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी है।

रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में जिले के सभी थानों के सीसीटीएनएस ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में हुई बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने की।

बैठक में थानों में लंबित ऑनलाइन डाटा एंट्री और नियमित रूप से किए जाने वाले कार्यों की पोर्टलवार समीक्षा की गई। एएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पोर्टल पर जानकारी लंबित नहीं रहनी चाहिए और सभी प्रविष्टियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी कर डाटा नियमित रूप से अपडेट किया जाए।

मेडलीएपीआर में एमएलसी एवं पीएम से संबंधित प्रविष्टियां, मालखाना में जब्त सामग्री की एंट्री से पहले जब्ती रजिस्टर का अद्यतन संधारण, आईजी एवं डीजी डैशबोर्ड, आईआईएफ-1 से आईआईएफ-5, ई-एफएसएल और ई-साइन के लंबित कार्यों की समीक्षा की गई। वहीं ई-अभियोजन में चालान न्यायालय में पेश होने से एक दिन पहले पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एनआरसीपी, क्राइम ऐप, जीआरएम, एमआरएम, समन्वय पोर्टल और मोबाइल रिकवरी से संबंधित डाटा को भी प्राथमिकता से अपडेट करने कहा गया। साइबर फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के लिए आम लोगों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट