सरगुजा

नशे से दूर रहें, साइबर अपराध से सतर्क रहें और यातायात नियमों का करें पालन
09-Aug-2026 8:25 PM
नशे से दूर रहें, साइबर अपराध से सतर्क रहें और यातायात नियमों का करें पालन

दशमेश पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दी कई जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,9 अगस्त। सरगुजा पुलिस एवं जिले के स्वैच्छिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र द्वारा दशमेश पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति, यातायात नियमों, सडक़ सुरक्षा, साइबर अपराध और समसामयिक संवेदनशील मुद्दों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा विशेष शाखा अमोलक सिंह ढिल्लो ने नशे की लत और उसके दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में सिगरेट के साथ ई-सिगरेट का उपयोग भी बढ़ रहा है। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को भी मोबाइल एडिक्शन बताते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और नैतिक मूल्यों को अपनाकर अपने लक्ष्य की ओर आगे बढऩे की प्रेरणा दी। उन्होंने साइबर अपराधों और उनसे बचाव के उपायों की भी विस्तार से जानकारी दी।

वरिष्ठ समाजसेविका वंदना दत्ता ने कहा कि किशोरावस्था में बच्चे आसानी से दूसरों के बहकावे में आकर नशे की गिरफ्त में आ सकते हैं। विद्यार्थियों से उन्होंने जागरूक नागरिक और स्वयंसेवक बनकर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय की सेवा केंद्र प्रमुख राजयोगिनी बीके विद्या दीदी ने सकारात्मक सोच, आध्यात्म और मेडिटेशन को तनाव तथा नशे की प्रवृत्ति से बचने में उपयोगी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ भी दिलाई। उप निरीक्षक अभय तिवारी ने यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने डायल 112 की सुविधाओं तथा सुरक्षित यात्रा के लिए उपलब्ध डायल 112 इंडिया ऐप की जानकारी भी दी।

वरिष्ठ समाजसेवी अजय तिवारी ने योग और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अनुशासन जीवन को सही दिशा देने का आधार है। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन अध्यापिका रत्ना डे ने किया। इस अवसर पर नवा बिहान अभियान के संयोजक मंगल पाण्डेय, समन्वयक अनिल कुमार मिश्रा, स्कूल प्रबंधन के अध्यक्ष सरदार महेंद्र सिंह छाबड़ा, सचिव बलविंदर सिंह छाबड़ा, एकेडमिक डायरेक्टर सरदार जितेंद्र सिंह सोढ़ी एवं प्राचार्या ममता विश्वकर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट