सरगुजा
उदयपुर क्षेत्र के आश्रम, छात्रावास और स्वास्थ्य केंद्रों का भी किया निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 अगस्त। कलेक्टर अजीत वसंत ने रविवार को विकासखंड उदयपुर का दौरा कर मलेरिया प्रभावित क्षेत्र मतरिंगा की स्थिति का जायजा लिया। क्षेत्र में जांच के दौरान वर्तमान में मलेरिया के तीन सक्रिय मरीज सामने आए हैं, जिनका उपचार जारी है। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और मैदानी अमले को क्षेत्र में सघन सर्वे कर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर प्रत्येक परिवार की स्वास्थ्य जांच की जाए। संदिग्ध मरीजों के तत्काल सैंपल लिए जाएं और रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक और पंचायत सचिवों को भी अभियान से जोडक़र स्वास्थ्य अमले के साथ समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने मलेरिया की रोकथाम के लिए आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलभराव वाले स्थानों की पहचान और मच्छरों के नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। साथ ही सभी परिवारों को मच्छरदानी उपलब्ध कराने और ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
मतरिंगा में निरीक्षण के दौरान राशन वितरण, सोलर लाइट, विद्युत व्यवस्था और पुलिया से संबंधित समस्याएं सामने आने पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
पहाड़ी कोरवा आश्रम का भी किया निरीक्षण
कलेक्टर ने पहाड़ी कोरवा आश्रम मरेया का निरीक्षण कर परिसर, शयनकक्ष, रसोई, स्टोर और शौचालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने आश्रम में पेयजल के लिए गहरा बोर कराने तथा स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
केदमा स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं की जांच
कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केदमा का आकस्मिक निरीक्षण कर मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति और उपचार व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी, लैब, टीकाकरण सहित विभिन्न सेवाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक मरम्मत कार्य कराने तथा पावर बैटरी बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।