सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 अगस्त। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी, अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने ई20 फ्यूल नीति को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए इसके पर्यावरणीय एवं आर्थिक प्रभावों पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ई20 को स्वच्छ ऊर्जा और तेल आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही है, लेकिन इसके वास्तविक प्रभावों का आकलन जल संसाधन, खाद्य सुरक्षा और आम उपभोक्ताओं पर पडऩे वाले आर्थिक बोझ को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।
परवेज गांधी ने कहा कि सरकार की ओर से एथेनॉल मिश्रण से डीजल और पेट्रोल की कीमतों में राहत मिलने के दावे किए गए थे, लेकिन आम जनता को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि अप्रैल 2023 से मार्च 2026 के बीच एथेनॉल मिश्रित ईंधन के कारण माइलेज में कमी की भरपाई के लिए उपभोक्ताओं पर करीब 88,234 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च पड़ा है।
उन्होंने कहा कि ई20 के कारण वाहनों के माइलेज में कमी की शिकायतों के बीच आम वाहन मालिकों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। यदि सरकार उपभोक्ताओं के हित में नीति लागू कर रही है तो ईंधन की कीमतों में उसी अनुपात में राहत मिलनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि ई20 नीति का वास्तविक लाभ आम वाहन मालिकों को मिल रहा है या एथेनॉल उत्पादकों को?
कांग्रेस नेता ने एथेनॉल उत्पादन में पानी की खपत को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि भारत में एथेनॉल उत्पादन मुख्य रूप से गन्ना, धान और मक्का जैसी फसलों पर निर्भर है, जिनमें बड़ी मात्रा में पानी की आवश्यकता होती है। उनके अनुसार एक लीटर एथेनॉल के उत्पादन में गन्ने से करीब 3,630 लीटर, चावल से 10,790 लीटर और मक्के से लगभग 4,670 लीटर पानी की आवश्यकता हो सकती है।
परवेज गांधी ने कहा कि देश के कई हिस्से भूजल संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे में अधिक पानी की खपत वाली फसलों को एथेनॉल उत्पादन के लिए बड़े पैमाने पर बढ़ावा देने से जल संसाधनों पर दबाव बढ़ सकता है। उन्होंने सरकार से खाद्यान्न आधारित एथेनॉल उत्पादन के खाद्य एवं जल सुरक्षा पर पडऩे वाले दीर्घकालिक प्रभाव को स्पष्ट करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कृषि अवशेष और अन्य जैविक अपशिष्ट से एथेनॉल उत्पादन के अधिक टिकाऊ विकल्प मौजूद हैं, ऐसे में खाद्यान्न आधारित एथेनॉल पर अधिक जोर दिए जाने की समीक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि वास्तविक ग्रीन फ्यूल नीति वही होगी, जिसमें ईंधन उत्पादन से लेकर उपयोग तक के पर्यावरणीय और आर्थिक प्रभावों का समग्र आकलन हो। जल संरक्षण, खाद्य सुरक्षा, किसानों के हित और आम उपभोक्ताओं की जेब की कीमत पर ई20 को बढ़ावा देना पर्यावरण संरक्षण नहीं कहा जा सकता।