सरगुजा
अम्बिकापुर, 8 अगस्त। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग एवं विद्युत उपभोक्ता शिकायत निवारण फोरम के तत्वावधान में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, अम्बिकापुर द्वारा 7 अगस्त को माखन विहार में एक दिवसीय विद्युत उपभोक्ता जागरूकता एवं शिकायत निवारण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में राज्य विद्युत नियामक आयोग के सदस्य, निदेशक एवं विद्युत लोकपाल सहित विद्युत विभाग के अधिकारी, उपभोक्ता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
कार्यशाला में विद्युत टैरिफ निर्धारण एवं नियमन, बिजली उत्पादन, संचरण और वितरण व्यवस्था, ऊर्जा संरक्षण तथा सौर ऊर्जा के उपयोग एवं प्रोत्साहन सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। नियामक आयोग के सदस्य (विधि) विवेक गनोदवाले ने टैरिफ निर्धारण की प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में अन्य राज्यों की तुलना में उपभोक्ताओं को अपेक्षाकृत सस्ती बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
निदेशक (इंजीनियरिंग) कमलेश दिल्लीवार ने बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सरकार, विद्युत कंपनी और आयोग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए उपकेंद्रों के निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम जारी है। विद्युत लोकपाल सुरेश कुमार सोनी ने उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सीमा और क्षतिपूर्ति की व्यवस्था की जानकारी दी।
वहीं, शिकायत निवारण फोरम की अम्बिकापुर शाखा के अध्यक्ष दिलीप कुमार सैनी ने शिकायत दर्ज करने, जांच, निर्णय एवं उसके बाद की कार्रवाई की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपनी समस्याएं सीधे फोरम के समक्ष रखने की अपील की।
मुख्य अभियंता यशवंत शिलेदार ने कहा कि अम्बिकापुर में फोरम की शाखा शुरू होने से उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित और उचित निराकरण में मदद मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों को विद्युत बिल सहित अन्य शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर ही समाधान करने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में उपभोक्ताओं की समस्याएं सुनने के लिए प्रश्नोत्तरी एवं परिचर्चा सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों, सीनियर सिटीजन फोरम, उपभोक्ता फोरम के पूर्व सदस्यों, व्यापारियों, समाजसेवियों और आम उपभोक्ताओं ने बिजली से जुड़ी समस्याएं एवं सुझाव रखे।
अम्बिकापुर में बनेंगे छह नए विद्युत उपकेंद्र
कार्यशाला के दौरान विद्युत अधिकारियों ने बताया कि अम्बिकापुर शहर की विद्युत व्यवस्था को मजबूत और निर्बाध बनाने के लिए छह नए विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इनके लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रगति पर है। नए उपकेंद्रों के निर्माण से शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होने की उम्मीद है।
अधीक्षण अभियंता आरके चंद्राकर ने उपभोक्ताओं को बिजली बिल में शामिल विभिन्न शुल्क और खपत के आधार पर देयक तैयार होने की प्रक्रिया सरल भाषा में समझाई। कार्यक्रम के अंत में फोरम की सदस्य कार्यपालन अभियंता मेरी लिली तिर्की ने सभी अतिथियों, उपभोक्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन तकनीकी प्रशिक्षण केंद्र अम्बिकापुर के यतीन्द्र गुप्ता ने किया।
बिजली उपभोक्ता जागरूकता कार्यशाला में शिकायतों के