सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,7 अगस्त। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने रिंग रोड स्थित श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप में कार्यरत कस्टमर सेल्स एग्जीक्यूटिव (सीएसए) दिवंगत विद्यावती टोप्पो के परिजनों को 20 लाख रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की। कार्य के दौरान पिछले वर्ष हुई उनकी हत्या के लगभग दस माह बाद मैनपाट के सैला रिसोर्ट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में यह राशि उनके माता-पिता को सौंपी गई।
कार्यक्रम में एचपीसीएल के महाप्रबंधक समीर एक्का एवं मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अर्नब चटर्जी ने दिवंगत कर्मचारी के पिता हीरालाल उरांव और माता सुमंती को 20 लाख रुपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर समीर एक्का ने कहा कि कस्टमर सेल्स एग्जीक्यूटिव एचपीसीएल परिवार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और यह अनुग्रह राशि परिवार के प्रति संस्था की संवेदनशीलता एवं सहयोग का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान दिवंगत विद्यावती टोप्पो की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र सिंह ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संदीप त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर एचपीसीएल के अधिकारी, नंगे पांव सत्याग्रह के राजेश सिंह सिसोदिया, दिवंगत की बहन सविता टोप्पो, अन्य परिजन, अंबिकापुर विक्रय क्षेत्र के डीलर तथा बड़ी संख्या में कस्टमर सेल्स एग्जीक्यूटिव उपस्थित रहे।