सरगुजा

संत गहिरा गुरु विवि में वित्तीय अनियमितता का आरोप
07-Aug-2026 9:38 PM
संत गहिरा गुरु विवि में वित्तीय अनियमितता का आरोप

अभाविप -विद्यार्थियों ने एनएच-343 किया जाम

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,7 अगस्त। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय में कथित वित्तीय अनियमितताओं, अधूरे निर्माण कार्य और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली को लेकर शुक्रवार को विद्यार्थियों का गुस्सा सडक़ पर देखने को मिला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्रों ने अंबिकापुर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग स्थित नेशनल हाईवे-343 पर प्रदर्शन करते हुए सडक़ जाम कर दिया। प्रदर्शन के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन से कथित खर्चों की निष्पक्ष जांच कराने और सुविधाओं में तत्काल सुधार की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था और साफ-सफाई के नाम पर होने वाले खर्च को लेकर गंभीर सवाल उठाए। विद्यार्थियों का आरोप है कि सुरक्षा कर्मियों के नाम पर हर महीने करीब 9 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं, जबकि विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपेक्षित सुविधाएं नजर नहीं आतीं। इसी तरह फिनायल और साफ-सफाई सामग्री की खरीदी के नाम पर हर माह 3 लाख रुपए से अधिक खर्च किए जाने का आरोप विद्यार्थियों ने लगाया है।

छात्र नेताओं ने इन खर्चों की जांच स्वतंत्र एजेंसी अथवा सक्षम जांच समिति से कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि सरकारी राशि खर्च हो रही है तो उसका उपयोग पारदर्शी तरीके से होना चाहिए और वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी है।

विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय के नए परिसर का निर्माण अब तक पूरा नहीं होने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि लंबे समय से निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है, जिससे विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

वहीं नेशनल हाईवे-343 से विश्वविद्यालय परिसर तक जाने वाली करीब तीन किलोमीटर लंबी सडक़ भी बेहद खराब हालत में है।

जर्जर सडक़ के कारण विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाने की बात छात्रों ने कही। प्रदर्शनकारियों ने सडक़ का जल्द निर्माण कराने की मांग की।

अभाविप पदाधिकारियों ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण संस्था है। यहां उपलब्ध संसाधनों और सरकारी राशि का सही उपयोग होना चाहिए। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच नहीं कराई गई तो आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान अभाविप सरगुजा के जिला संयोजक सतेंद्र मिश्रा और संभाग संयोजक पलाश पाण्डेय ने छात्रों की मांगों को सामने रखा। छात्रों ने विश्वविद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कराने, अधूरे निर्माण को पूरा करने और विश्वविद्यालय तक जाने वाली सडक़ का जल्द सुधार कराने की मांग की।

सांसद चिंतामणि महाराज पर भी साधा निशाना

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज को भी निशाने पर लिया। विद्यार्थियों का कहना था कि विश्वविद्यालय उनके पिता संत गहिरा गुरु के नाम पर संचालित है। इसके बावजूद विश्वविद्यालय तक पहुंचने वाली सडक़, अधूरे निर्माण और कथित वित्तीय अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।


अन्य पोस्ट