सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,6 अगस्त। अंबिकापुर बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर लखनपुर थाना क्षेत्र के जजगा स्थित राजवाड़े ढाबा के सामने बुधवार देर रात तेज रफ्तार बस और कार की आमने-सामने टक्कर में एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 12.30 बजे अंबिकापुर की ओर आ रही कार की बिलासपुर की ओर जा रही पापुलर बस से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन के सभी एयरबैग खुलने के बावजूद उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए, जबकि पीछे बैठे कुछ यात्री कार में ही फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही लखनपुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी ने पुलिस को सूचना दी और अपनी गाड़ी से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लखनपुर पहुंचाया। उपचार के दौरान 52 वर्षीय दिलीप कुमारी तिग्गा की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शिव कीर्तन, विजय केरकेट्टा, आसन लाल और तेरा करण का इलाज आईसीयू में चल रहा है। तीन अन्य घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई गई है।
बताया गया कि इनोवा में सवार सभी लोग लुंड्रा थाना क्षेत्र के लमगांव निवासी हैं। वे पेंड्रा में अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर अपने गृहग्राम लौट रहे थे।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण ढाबे के आसपास सडक़ किनारे दोनों ओर खड़े भारी और अन्य वाहनों को माना जा रहा है।
पार्किंग के कारण सडक़ संकरी हो गई थी, जिससे दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और दुर्घटना हो गई। हादसे के बाद बस यात्रियों को वैकल्पिक वाहन से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
थाना प्रभारी संपत राम पोटाई ने बताया कि मृतका के परिजन सुबह लखनपुर पहुंचे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है तथा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।