सरगुजा

2.70 करोड़ का स्कूल फर्नीचर घोटाला
02-Aug-2026 8:57 PM
2.70 करोड़ का स्कूल फर्नीचर घोटाला

 एसीबी ने 10 स्कूलों के तत्कालीन​ प्रधान पाठकों को किया तलब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 अगस्त। सरगुजा संभाग के बहुचर्चित 2.70 करोड़ रुपये के स्कूल फर्नीचर खरीद मामले की जांच अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर ने मामले की जांच तेज करते हुए सूरजपुर जिले के ओडग़ी विकासखंड के 10 माध्यमिक विद्यालयों के तत्कालीन प्रधान पाठकों को मूल अभिलेखों सहित तलब किया है।

उप पुलिस अधीक्षक, एंटी करप्शन ब्यूरो अंबिकापुर द्वारा 1 अगस्त 2026 को जारी पत्र में विकासखंड शिक्षा अधिकारी, ओडग़ी को निर्देशित किया गया है कि संबंधित तत्कालीन प्रधान पाठकों को 4 अगस्त को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित कराया जाए।  जानकारी के अनुसार, वर्ष 2010-11 में तत्कालीन राजीव गांधी शिक्षा मिशन (सर्व शिक्षा अभियान) के तहत माध्यमिक विद्यालयों के लिए फर्नीचर खरीदी हेतु 2.70 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। तत्कालीन जिला कार्यालय, राजीव गांधी शिक्षा मिशन, सरगुजा द्वारा विभिन्न विद्यालयों में छात्र डेस्क और बेंच की आपूर्ति के लिए एक निजी फर्म को कार्यादेश जारी किया गया था।

जांच के दौरान एसीबी को फर्नीचर की वास्तविक आपूर्ति को लेकर गंभीर संदेह सामने आए हैं। कई विद्यालयों में अभिलेखों में फर्नीचर की आपूर्ति दर्ज है, लेकिन इसकी वास्तविक उपलब्धता की पुष्टि की जा रही है। इसी के तहत जांच एजेंसी ने संबंधित विद्यालयों से मूल स्टॉक रजिस्टर, फर्नीचर प्राप्ति रसीद, संबंधित फर्म द्वारा जारी दस्तावेज तथा कार्यालयीन सील सहित सभी मूल रिकॉर्ड प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।जिन विद्यालयों के अभिलेख मांगे गए हैं, उनमें माध्यमिक विद्यालय बेगारीडांड, पचरौटेला, सहपुर, कुबेरपुर, परसियाखुर्द, नवाटोला, धरसड़ी, टोंगा, देवनगरा तथा बिहारपुर शामिल हैं।

बताया गया है कि यह जांच अपराध क्रमांक 28/2017 के तहत की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(डी), 13(2) तथा धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित प्रावधानों के तहत विवेचना जारी है। एसीबी ने अपने पत्र में इस प्रकरण को गंभीर प्रकृति का बताते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया है कि सभी संबंधित तत्कालीन प्रधान पाठकों को समय पर सूचना देकर मूल अभिलेखों सहित उपस्थित होना सुनिश्चित कराया जाए।

सूत्रों के अनुसार, दस्तावेजों के सत्यापन के बाद एसीबी यह तय करेगी कि विद्यालयों में फर्नीचर की वास्तविक आपूर्ति हुई थी या नहीं। यदि जांच में सरकारी राशि के दुरुपयोग, फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भुगतान अथवा अन्य अनियमितताएं प्रमाणित होती हैं, तो तत्कालीन अधिकारियों, संबंधित फर्म और अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।


अन्य पोस्ट