सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 1 अगस्त। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल खम्हरिया में गुरुवार को वन महोत्सव के अवसर पर भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत विद्यालय परिसर में 250 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में राकेश अग्रवाल (मंत्री प्रतिनिधि),विनोद हर्ष (महामंत्री, भाजपा सरगुजा),अखंड (देवगढ़ मंडल अध्यक्ष),संतोष गुप्ता (जनपद पंचायत सदस्य, खम्हरिया), प्राचार्य सुनील सिंह, उप वन मंडलाधिकारी श्री बिजेंद्र सिंह ठाकुर, वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) फेंकू चौबे, वनपाल अशोक प्रताप सिंह, शशिकांत सिंह, वन रक्षक अमरनाथ राजवाड़े, विष्णु सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन, विद्यालय के अध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जामुन, आम, कटहल, गुलमोहर, बहेरा, अमरूद एवं करंज सहित विभिन्न प्रजातियों के 250 पौधों का रोपण किया गया। अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि वृक्ष पृथ्वी का अमूल्य धरोहर हैं और इनके संरक्षण से ही आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार एवं वन विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।