सरगुजा

बतौली में एसएमसी के अध्यक्ष चयन पर विवाद, छात्रा ने लगाया धोखे से अभिभावक बनाने का आरोप
30-Jul-2026 9:08 PM
बतौली में एसएमसी के अध्यक्ष चयन पर विवाद, छात्रा ने लगाया धोखे से अभिभावक बनाने का आरोप

निरीक्षण में भी सामने आईं अनियमितताएं, कलेक्टर व शिक्षा विभाग से जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/बतौली, 30 जुलाई। सरगुजा जिले के बतौली स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष चयन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।

कक्षा 10वीं की छात्रा अंतिला टोप्पो ने आरोप लगाया है कि उसे हॉस्टल में प्रवेश दिलाने का भरोसा देकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और बाद में उसकी जानकारी के बिना स्थानीय व्यक्ति अशोक कुमार गुप्ता को उसका अभिभावक दर्शाकर शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बना दिया गया। छात्रा ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

छात्रा की शिकायत के साथ ही 29 जुलाई को जनपद पंचायत बतौली की उपाध्यक्ष एवं शिक्षण स्थायी समिति की पदेन अध्यक्ष मंजू हरि गुप्ता द्वारा विद्यालय के निरीक्षण के बाद तैयार किए गए प्रतिवेदन ने भी एसएमसी के गठन पर सवाल खड़े किए हैं। निरीक्षण प्रतिवेदन में समिति के गठन की प्रक्रिया में शासन के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं होने की बात दर्ज की गई है। साथ ही अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के चयन को लेकर भी आपत्तियां दर्ज करते हुए एसएमसी गठन की कार्रवाई को निरस्त करने की अनुशंसा किए जाने का उल्लेख है। प्रतिवेदन में प्राचार्य द्वारा भी इस अनुशंसा पर सहमति व्यक्त किए जाने की बात कही गई है।

इस संबंध में सीतापुर एसडीएम फगेश सिन्हा ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभाग ही विस्तृत जानकारी दे सकेगा।

छात्रा ने कहा- माता-पिता जीवित, फिर किसी और को कैसे बनाया अभिभावक

अपने शिकायत आवेदन में छात्रा अंतिला टोप्पो ने बताया कि वह ग्राम गोविंदपुर की निवासी है और बतौली में अध्ययन करती हंै। छात्रा के अनुसार हॉस्टल में प्रवेश दिलाने का भरोसा देकर उससे और उसके पिता से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए थे। बाद में उसे जानकारी मिली कि अशोक कुमार गुप्ता को उसका अभिभावक दर्ज किया गया है और उन्हें शाला प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

छात्रा ने शिकायत में स्पष्ट किया है कि उसके माता-पिता जीवित हैं और वह अशोक कुमार गुप्ता को अपना अभिभावक नहीं मानती।

 उसका आरोप है कि पूरी प्रक्रिया उसकी जानकारी और वास्तविक सहमति के बिना की गई।

निष्पक्ष जांच की मांग

छात्रा का कहना है कि उसने मामले की जानकारी विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकों, छात्रावास अधीक्षक और जनपद पंचायत की उपाध्यक्ष को भी दी थी। इसके बाद उसने जिला शिक्षा अधिकारी, कलेक्टर सरगुजा और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को शिकायत भेजकर मामले की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल शिकायत और निरीक्षण प्रतिवेदन के आधार पर मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


अन्य पोस्ट