सरगुजा

नाबालिग से रेप के फरार आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित
30-Jul-2026 9:05 PM
नाबालिग से रेप के फरार आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 जुलाई। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सरगुजा पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। पुलिस ने आम नागरिकों से आरोपी के संबंध में जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली, जिला सरगुजा में आरोपी तरुण जायसवाल, निवासी भफौली के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नाबालिग पीडि़ता से दुष्कर्म की घटना के बाद से फरार है।

आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए इनाम की घोषणा की है।

पुलिस के मुताबिक जो व्यक्ति आरोपी के संबंध में ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी देगा, जिससे उसकी गिरफ्तारी संभव हो सके, अथवा आरोपी को गिरफ्तार करवाने में मदद करेगा, उसे 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। आरोपी को स्वयं गिरफ्तार करवाने या गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को भी नियमानुसार पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार के संबंध में अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक सरगुजा का होगा।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में किसी भी प्रकार की विश्वसनीय सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं।

सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


अन्य पोस्ट