सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 जुलाई। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मंडल महामाया, अंबिकापुर द्वारा समरसता संकल्प अभियान के तहत मां महामाया मंदिर में दर्शन-पूजन, दीप प्रज्ज्वलन और आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर के पुजारियों को अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यकर्ताओं ने सामाजिक समरसता, सद्भाव, सामाजिक एकता, संस्कार और राष्ट्रहित के मार्ग पर निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कार, सेवा, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के साथ समाज के प्रति अपने दायित्वों को याद करने का अवसर है। गुरु भारतीय संस्कृति में ज्ञान और संस्कार के मार्गदर्शक रहे हैं। ऐसे में यह पर्व समाज में सद्भाव, सेवा और समरसता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
गुरु पूर्णिमा पर महामाया मंडल के विभिन्न मोर्चों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित किए।
युवा मोर्चा ने स्कूल रोड स्थित हनुमान मंदिर, महिला मोर्चा ने जोड़पीपल शिव मंदिर, किसान मोर्चा ने काली मंदिर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने पुलिस लाइन स्थित गौरी मंदिर तथा एसटी और एससी मोर्चा ने मां महामाया मंदिर में दीप प्रज्ज्वलन कर पर्व मनाया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, बस्तर सह-प्रभारी हरपाल सिंह भामरा, वरिष्ठ नेता डॉ. अंबिकेश केसरी, महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री फुलेश्वरी सिंह, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला महामंत्री विनोद हर्स सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
महामाया मंडल अध्यक्ष मनोज कंसारी, महामंत्री निरंजन राय एवं संजीव वर्मा सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया गया।