सरगुजा

सीतापुर ज्वेलरी उठाईगिरी, कांग्रेस ने एसपी को लिखा पत्र
29-Jul-2026 10:23 PM
सीतापुर ज्वेलरी उठाईगिरी, कांग्रेस ने एसपी को लिखा पत्र

एक करोड़ के गहनों की बरामदगी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 29 जुलाई। सीतापुर स्थित काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स में हुई करीब एक करोड़ रुपये के गहनों की उठाईगिरी के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं पीडि़त व्यवसायी को राहत दिलाने की मांग की है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने अपने पत्र में कहा है कि 26 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण देव सोनी दुकान का शटर खोल रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने कथित रूप से ज्वेलरी से भरा बैग पार कर दिया। घटना के बाद व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।

बताया गया कि सरगुजा जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ईश्वर सोनी ने इस घटना की जानकारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष को देते हुए मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था। इसके बाद कांग्रेस की ओर से पुलिस अधीक्षक सरगुजा को पत्र भेजा गया।

बालकृष्ण पाठक ने कहा कि जिले के सराफा व्यवसायी पहले से ही चोरी की आशंका के चलते प्रतिदिन कीमती आभूषण दुकान से घर और घर से दुकान लाने-ले जाने को मजबूर हैं। ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में भय का वातावरण और बढ़ा है। उन्होंने मांग की कि मामले के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर गहनों की बरामदगी सुनिश्चित की जाए तथा पीडि़त व्यवसायी को राहत देने के साथ व्यापारियों का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास बहाल करने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट