सरगुजा

बैजनाथ धाम के लिए भक्तों का पहला जत्था रवाना
29-Jul-2026 10:22 PM
बैजनाथ धाम के लिए भक्तों  का पहला जत्था रवाना

25 वर्षों से निभा रही है बाबा 11 सेवा समिति परंपरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 29 जुलाई। सावन माह शुरू होने से दो दिन पहले सरगुजा मुख्यालय अंबिकापुर से बाबा बैजनाथ धाम (देवघर) के लिए श्रद्धालुओं का पहला जत्था मंगलवार को रवाना हुआ। रवाना होने से पूर्व सभी श्रद्धालुओं ने सरगुजा की आराध्य देवी मां महामाया मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।

बाबा 11 सेवा समिति के तत्वावधान में निकले इस जत्थे में करीब 20 से 25 श्रद्धालु शामिल हैं। समिति के सदस्यों ने बताया कि वे पिछले लगभग 25 वर्षों से लगातार सावन माह में बाबा बैजनाथ धाम जाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक और दर्शन करते आ रहे हैं। इस धार्मिक परंपरा को समिति आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभा रही है।

यात्रा में समिति के जयशंकर साहू, गांधी पासवान, जसवंत सिंह, अविनाश तिवारी, आशीष, सतीश यादव सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं का जत्था देवघर के लिए रवाना हुआ।

समिति के सदस्यों ने बताया कि बाबा बैजनाथ धाम पहुंचकर सभी श्रद्धालु विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे तथा प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे।


अन्य पोस्ट