सरगुजा

लखनपुर सीएचसी में बड़ी मात्रा में दवाएं एक्सपायरी मिली!
28-Jul-2026 8:18 PM
लखनपुर सीएचसी में बड़ी मात्रा में दवाएं एक्सपायरी मिली!

 पत्रकार का मोबाइल छीनने का भी आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 28 जुलाई। सरगुजा जिला के लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिलाओं, शिशुवती माताओं और बच्चों को वितरित की जाने वाली दवाओं के भंडारण और वितरण व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय पत्रकारों और लोगों का दावा है कि अस्पताल परिसर में बड़ी मात्रा में आयरन सिरप, विटामिन-ए तथा अन्य दवाएं एक्सपायरी अवस्था में मिली हैं। मामले के सामने आने के बाद जांच की मांग की जा रही है।

जानकारी के अनुसार अस्पताल परिसर स्थित मर्चुरी (शवगृह) के बरामदे के पास खुले स्थान पर दवाओं की कई पेटियां रखी हुई थीं। इनमें वर्ष 2022 में निर्मित आयरन सिरप की बोतलें तथा विटामिन-ए सहित अन्य दवाएं शामिल थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विटामिन-ए की दवा करीब छह माह पहले एक्सपायर हो चुकी है, जबकि आयरन सिरप और अन्य दवाओं के सुरक्षित भंडारण को लेकर भी गंभीर लापरवाही बरती गई है।

मौके पर पहुंचे पत्रकारों का कहना है कि दवा वितरण प्रभारी अमित सिसोदिया ने पहले उन्हें दवाओं की जांच के लिए बुलाया, लेकिन जब एक्सपायरी दवाओं का वीडियो बनाया जाने लगा तो कथित तौर पर उनका मोबाइल छीन लिया गया। हालांकि इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

दवा वितरण प्रभारी अमित सिसोदिया ने बताया कि संबंधित आयरन सिरप एक्सपायर नहीं हुआ है और उसकी वैधता वर्ष 2027 तक है। उनके अनुसार सिरप वितरण के उद्देश्य से खुले स्थान पर रखा गया था। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि खुले में रखी कुछ दवाओं पर बारिश और छत टपकने के कारण मैन्युफैक्चरिंग, एक्सपायरी तिथि और बैच नंबर मिट गए होंगे। मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित दवाओं को दोबारा स्टोर रूम में रखवा दिया गया।

इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बीएमओ डॉ. ओ.पी. प्रसाद ने बताया कि अस्पताल में दवाओं के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। इसी कारण वितरण के लिए कुछ सिरप की पेटियां बरामदे के पास रखी गई थीं। वर्ष 2022 में निर्मित आयरन सिरप की एक्सपायरी अवधि के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी कंपनी के मानकों के अनुसार देखी जा सकती है और वह तत्काल इसकी पुष्टि नहीं कर सकते।


अन्य पोस्ट