सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 जुलाई। शहर की विभिन्न मूलभूत समस्याओं को लेकर मंगलवार को युवा कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि निगम शहरवासियों को आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
पूर्व जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस मनीष दुबे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी 48 वार्डों में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही शहर की अधिकांश सडक़ें जर्जर हो चुकी हैं तथा जगह-जगह बने गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ज्ञापन में इन सडक़ों का तत्काल मरम्मत एवं नवीनीकरण कराने की मांग की गई।
युवा कांग्रेस ने शहर की बंद एवं खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों, विशेषकर रिंग रोड क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग उठाई। साथ ही नगरवासियों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार करने की आवश्यकता बताई। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को पुन: चालू कराने तथा क्षतिग्रस्त फव्वारों एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को भी शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी।
ज्ञापन में नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों का पिछले सात से आठ माह से लंबित वेतन तत्काल जारी करने की भी मांग की गई। युवा कांग्रेस का कहना था कि वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी निर्मित हुई, हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन जनहित में उग्र लोकतांत्रिक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
नगर निगम आयुक्त डी.एन. कश्यप ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए कहा कि युवा कांग्रेस द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों का परीक्षण कराया जाएगा तथा जिन समस्याओं का निराकरण संभव होगा, उन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए निगम प्रशासन की ओर से सकारात्मक पहल का भरोसा भी दिलाया।