सरगुजा

पट्टा सर्वेक्षण अभियान में पार्षद ने किया घर-घर संपर्क, पात्र परिवारों को दी योजनाओं की जानकारी
28-Jul-2026 8:14 PM
पट्टा सर्वेक्षण अभियान में पार्षद ने किया घर-घर संपर्क, पात्र परिवारों को दी योजनाओं की जानकारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 जुलाई। नगरीय निकाय क्षेत्र में वर्षों से निवासरत पात्र परिवारों को आवासीय पट्टा उपलब्ध कराने के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चलाए जा रहे सर्वेक्षण अभियान के तहत माता राजमोहिनी देवी वार्ड क्रमांक 12 में व्यापक स्तर पर सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान वार्ड पार्षद मनोज गुप्ता ने राजस्व विभाग की टीम के साथ घर-घर पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा नागरिकों को शासन की योजना की जानकारी दी।

सर्वेक्षण के दौरान पार्षद मनोज गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा पात्र परिवारों को उनके आवास का वैधानिक अधिकार दिलाना है। इसी उद्देश्य से पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से सर्वेक्षण कराया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों से सर्वेक्षण में सहयोग करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील भी की।

करीब एक माह तक स्वास्थ्य संबंधी कारणों से वार्डवासियों से नियमित संपर्क नहीं हो पाने के बाद पार्षद मनोज गुप्ता के पुन: सक्रिय होकर क्षेत्र में पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। वार्डवासियों ने घर-घर पहुंचकर समस्याएं सुनने और उनके समाधान के प्रति प्रतिबद्धता जताने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

अभियान के दौरान हल्का पटवारी नीरज वर्मा, राजस्व निरीक्षक राज बहादुर सिंह सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी, वार्ड के जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर सर्वेक्षण कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में सहयोग दिया।

पार्षद मनोज गुप्ता ने कहा कि वार्ड के प्रत्येक पात्र परिवार तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य में वे वार्डवासियों के साथ खड़े रहेंगे तथा उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।


अन्य पोस्ट