सरगुजा

तकिया व कतकालो फिल्टर प्लांट के निरीक्षण पर सियासत तेज
26-Jul-2026 7:26 PM
तकिया व कतकालो फिल्टर प्लांट के निरीक्षण पर सियासत तेज

कांग्रेस ने गिनाईं खामियां, महापौर ने आरोपों को बताया निराधार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 जुलाई। नगर निगम क्षेत्र में पेयजल संकट, कम समय तक जलापूर्ति और गंदा पानी मिलने की शिकायतों के बीच रविवार को कांग्रेस पार्षदों ने नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के नेतृत्व में तकिया एवं कतकालो स्थित फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद कांग्रेस ने जलापूर्ति व्यवस्था में तकनीकी खामियों, संसाधनों की कमी और रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं महापौर मंजूषा भगत ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।

कांग्रेस के अनुसार तकिया फिल्टर प्लांट की क्षमता 17.5 एमएलडी होने के बावजूद वहां से केवल 10 से 11 एमएलडी तथा कतकालो प्लांट की 18 एमएलडी क्षमता के मुकाबले मात्र 12 से 13 एमएलडी पानी का शोधन एवं वितरण किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल का दावा है कि निरीक्षण के दौरान मड पंप लंबे समय से खराब मिला, फिल्टर बेड की सफाई नहीं होने से काई जम गई है तथा कई क्लैरिफ्लोकुलेटर बंद पड़े हैं, जिससे जल शोधन क्षमता प्रभावित हो रही है।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि दोनों प्लांटों में अनुबंध के अनुसार पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती नहीं है। जहां 32 कर्मचारियों की आवश्यकता है, वहां केवल छह कर्मचारी कार्यरत मिले। इसके अलावा जल शोधन में उपयोग होने वाले एलम (फिटकरी) का पर्याप्त भंडारण भी उपलब्ध नहीं मिला। उनका कहना है कि इन कमियों के कारण कई वार्डों में कम मात्रा में और कई स्थानों पर गंदा पानी पहुंच रहा है।

नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि नगर निगम प्रशासन लगातार बिजली कटौती को जल संकट का कारण बता रहा है, जबकि वास्तविक समस्या प्लांटों के रखरखाव, तकनीकी संसाधनों की कमी और संचालन में लापरवाही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को कलेक्टर से मुलाकात कर जांच में सामने आए तथ्यों से अवगत कराएगा तथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और जलापूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग करेगा।

उधर नगर निगम की महापौर मंजूषा भगत ने नेता प्रतिपक्ष द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि निगम की ओर से शहरवासियों को नियमित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं तथा लगाए गए आरोप तथ्यहीन हैं।


अन्य पोस्ट