सरगुजा
अंबिकापुर, 26 जुलाई। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर में सरगुजा पुलिस द्वारा एक दिवसीय विवेचना कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिला एवं सत्र न्यायाधीश शक्ति सिंह राजपूत सहित न्यायिक अधिकारियों ने विवेचकों को अनुसंधान की बारीकियों, कानूनी प्रक्रियाओं एवं साक्ष्य संकलन के संबंध में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला में डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल, प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश ममता पटेल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पल्लव रघुवंशी, प्रधान मजिस्ट्रेट कल्पना भगत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों सहित पुलिस एवं न्यायिक विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसमें जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों तथा विवेचकों ने भाग लिया।जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी), ई-साक्ष्य, घटनास्थल परीक्षण, साक्ष्य अधिनियम तथा परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विवेचकों से कहा कि प्रत्येक साक्ष्य को तार्किक रूप से जोड़ते हुए निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से विवेचना की जाए।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रिया, रिमांड, ट्रांजिट रिमांड, केस डायरी के संधारण, एनडीपीएस एवं एससी-एसटी एक्ट के मामलों में आवश्यक कानूनी प्रावधानों के पालन पर विशेष जोर दिया। वहीं प्रधान मजिस्ट्रेट ने किशोर न्याय अधिनियम (जेजे एक्ट) के तहत बाल अपचारियों से जुड़े मामलों में संवेदनशील एवं बाल हितैषी दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए।
कार्यशाला में विवेचकों को जेजे एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, खात्मा-खारिज प्रकरण, ई-साक्ष्य, मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण सहित विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। समापन अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने न्यायिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए विवेचकों को कार्यशाला में दिए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन करने और गुणवत्तापूर्ण विवेचना के माध्यम से पीडि़तों को शीघ्र न्याय दिलाने के निर्देश दिए।