सरगुजा

जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा अंबिकापुर, भक्ति और उल्लास के बीच निकली रथयात्रा
24-Jul-2026 9:26 PM
जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा अंबिकापुर, भक्ति और उल्लास के बीच निकली रथयात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 जुलाई। शुक्रवार को अंबिकापुर भगवान जगन्नाथ की भक्ति में सराबोर नजर आया। मौसी घर में नौ दिनों के प्रवास के बाद भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की भव्य रथयात्रा धार्मिक उत्साह और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निकाली गई। रथयात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं ने ‘जय जगन्नाथ’ के जयघोष के बीच श्रद्धा और उत्साह के साथ रथ की रस्सी खींचकर प्रभु को उनके धाम तक विदा किया।

रथयात्रा में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। महिलाओं, पुरुषों, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की मौजूदगी से पूरा मार्ग भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए प्रभु के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। जगह-जगह सामाजिक संगठनों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद की व्यवस्था की गई।

रथयात्रा के दौरान पूरा शहर धार्मिक रंग में रंगा दिखाई दिया। प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने प्रभु के रथ के दर्शन को अपने जीवन का सौभाग्य बताते हुए विधिवत पूजा-अर्चना की।

रथयात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था भी सुचारु बनाए रखने के विशेष इंतजाम किए गए। अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी, जिससे आयोजन निर्विघ्न संपन्न हुआ।

श्रद्धा, परंपरा और जनआस्था का अद्भुत संगम बनी भगवान जगन्नाथ की यह रथयात्रा पूरे शहर के लिए धार्मिक उत्सव का केंद्र रही। भक्तों के उत्साह और भक्ति भाव ने आयोजन को और अधिक भव्य बना दिया तथा जय जगन्नाथ के उद्घोष से पूरा अंबिकापुर देर तक गुंजायमान रहा।


अन्य पोस्ट