सरगुजा
सीसीटीवी में कैद 3 संदिग्ध, कबाड़ी समेत 3 से पूछताछ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 जुलाई। शहर के केदारपुर पानी टंकी के समीप स्थित पुराना नगर निगम कार्यालय के पास एक निजी स्कूल की शिक्षिका के सूने मकान में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश पीछे का दरवाजा तोडक़र घर में दाखिल हुए और सोने-चांदी के जेवर, कांसा-पीतल के बर्तन तथा नगदी समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया, जबकि पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार मोंटफोर्ट स्कूल में पदस्थ शिक्षिका सरिता सिन्हा 22 जुलाई की सुबह करीब 7.30 बजे स्कूल चली गई थीं। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने पीछे का दरवाजा तोड़ दिया और घर में रखी चार सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, चांदी के सिक्के, कांसा-पीतल के बर्तन तथा 20 से 25 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पीडि़त परिवार के अनुसार चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग पांच लाख रुपये है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन संदिग्ध किशोर वारदात के समय आते-जाते दिखाई दिए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने मामले में एक कबाड़ी और दो अपचारी बालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। आशंका जताई जा रही है कि चोरी का सामान कबाड़ी के माध्यम से खपाने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी गिरफ्तारी या चोरी के सामान की बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।कोतवाली पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है। पूछताछ पूरी होने के बाद चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने और सामान की बरामदगी की उम्मीद है।
पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने का दावा किया है।