सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 जुलाई। सडक़ दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सरगुजा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने शराब के नशे में बाइक चला रहे एक युवक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने चालक को 10 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात शाखा की टीम ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-15-ईजे-9250 को रोककर चालक की जांच की।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम रामपाल लकड़ा (25 वर्ष), निवासी सीतापुर बताया। पुलिस को चालक के शराब के नशे में होने का संदेह होने पर उसका ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने की पुष्टि हुई।
इसके बाद यातायात पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने चालक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
पुलिस ने कहा है कि सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाए रखने के लिए नशे में वाहन चलाने, तेज गति, बिना हेलमेट और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित यातायात पुलिस का स्टाफ शामिल रहा।