सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,23 जुलाई। सरगुजा पुलिस ने प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट (ई-सिगरेट/वेप) की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांधीनगर थाना क्षेत्र से एक पान दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 ई-सिगरेट तथा 3 हजार रुपये नगद सहित कुल 55 हजार 500 रुपये का मशरुका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई को गांधीनगर थाना पुलिस टीम गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बनारस रोड स्थित आयुषी डेली निड्स (पान कॉर्नर) में प्रतिबंधित ई-सिगरेट का अवैध भंडारण एवं विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुकान में दबिश दी, जहां तलाशी के दौरान 35 इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट और बिक्री से संबंधित 3 हजार रुपये नगद बरामद हुए।
पूछताछ के दौरान दुकान संचालक प्रांशु केसरी (24), निवासी गांधीनगर, प्रतिबंधित सामग्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिषेध अधिनियम, 2019 की धारा 7 एवं 8 तथा बीएनएस की धारा 223 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए प्रतिबंधित ई-सिगरेट की बिक्री के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों के प्राचार्यों, अभिभावकों और आम नागरिकों से युवाओं को ई-सिगरेट के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की है। साथ ही नशे से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी कंट्रोल रूम नंबर 9479193599 अथवा डायल-112 पर देने का आग्रह किया है।