सरगुजा
समिति प्रबंधक को हटाने और निष्पक्ष जांच की मांग
लखनपुर, 22 जुलाई। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित अमलभि_ी के प्रबंधक नवल साय पर खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी के दौरान कर्मचारियों एवं हमाली श्रमिकों के भुगतान में अनियमितता और लाखों रुपये के फर्जी भुगतान का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता चंद्रभान राजवाड़े ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन सौंपकर प्रबंधक को तत्काल हटाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में कहा गया है कि धान खरीदी कार्य केवल 46 दिनों तक संचालित हुआ, जबकि कुछ कर्मचारियों और हमाली श्रमिकों को 48 दिनों का भुगतान किया गया। वहीं, जो लोग धान खरीदी कार्य में शामिल ही नहीं थे, उनके नाम पर भी 154 दिनों तक का भुगतान दर्शाकर राशि आहरित की गई। आरोप है कि शासन की धान खरीदी योजना की राशि का दुरुपयोग कर समिति और शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार मुनेश्वर, मान साय, अबीरन, डबलु, नंदू, धनपेट, कुमार साय, बच्चा लाल, मानिक, महेश सहित अन्य श्रमिकों के नाम पर लाखों रुपये का भुगतान दर्शाया गया है। साथ ही कैलाश एवं अमन सिंह, जो कथित रूप से दूसरी समिति में कार्यरत थे, उन्हें भी अमलभि_ी समिति से भुगतान किए जाने का आरोप लगाया गया है।
चंद्रभान राजवाड़े ने आरोप लगाया कि मामले की शिकायत जनदर्शन, सुशासन तिहार और सीएम हेल्पलाइन 1076 में कई बार करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच के दौरान अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी जांच प्रतिवेदन तैयार किया गया और उनका बयान तक दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने पूरे मामले की किसी अन्य विभाग से निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।