सरगुजा

अंबिकापुर-दिल्ली एक्सप्रेस का द्वि-साप्ताहिक संचालन जल्द शुरू करने की मांग, रेल मंत्री को भेजा पत्र
21-Jul-2026 8:23 PM
अंबिकापुर-दिल्ली एक्सप्रेस का द्वि-साप्ताहिक संचालन जल्द शुरू करने की मांग, रेल मंत्री को भेजा पत्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 जुलाई। अंबिकापुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के द्वि-साप्ताहिक संचालन को शीघ्र शुरू करने की मांग तेज हो गई है। क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर के सदस्य मुकेश तिवारी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार को पत्र भेजकर रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के अनुरूप ट्रेन का संचालन जल्द प्रारंभ कराने का आग्रह किया है।

मुकेश तिवारी ने बताया कि रेलवे बोर्ड ने 19 जून 2026 को ट्रेन संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस को साप्ताहिक से बढ़ाकर द्वि-साप्ताहिक चलाने की स्वीकृति दी थी। स्वीकृति के अनुसार ट्रेन संख्या 22407 अंबिकापुर से प्रत्येक मंगलवार एवं गुरुवार, जबकि ट्रेन संख्या 22408 हजरत निजामुद्दीन से रविवार एवं मंगलवार को संचालित होनी है।

उन्होंने कहा कि स्वीकृति जारी हुए लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद अब तक संचालन की तिथि घोषित नहीं की गई है, जिससे यात्रियों में असमंजस और निराशा का माहौल है। उनका कहना है कि ट्रेन की बढ़ी हुई आवृत्ति से सरगुजा संभाग, उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों, सरकारी कर्मचारियों और अन्य यात्रियों के लिए दिल्ली की यात्रा अधिक सुगम और सुविधाजनक होगी।

श्री तिवारी ने रेल मंत्री से अनुरोध किया है कि कोच, क्रू, इंजन लिंक सहित सभी आवश्यक तैयारियां शीघ्र पूरी कर द्वि-साप्ताहिक संचालन की तिथि तत्काल घोषित की जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड की स्वीकृति के बाद भी संचालन में हो रहा विलंब यात्रियों की अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है। इसलिए उन्होंने रेल मंत्री से व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर निर्णय का शीघ्र क्रियान्वयन सुनिश्चित कराने की मांग की है।


अन्य पोस्ट