सरगुजा

स्वास्थ्य मंत्री ने वर्चुअली किया अम्बिका सोनोग्राफी डायग्नोस्टिक एंड इंटरवेंशन क्लिनिक का उद्घाटन, मंत्री राजेश अग्रवाल ने फीता काटकर किया शुभारंभ
20-Jul-2026 9:23 PM
स्वास्थ्य मंत्री ने वर्चुअली किया अम्बिका सोनोग्राफी डायग्नोस्टिक एंड इंटरवेंशन क्लिनिक का उद्घाटन, मंत्री राजेश अग्रवाल ने फीता काटकर किया शुभारंभ

 सरगुजा को मिली हाईटेक हृदय जांच की सुविधा, 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी आधुनिक डायग्नोस्टिक सेवाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 जुलाई। सरगुजा संभाग के लोगों को अब अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिलने जा रहा है। अंबिकापुर के दरीपारा स्थित सीएमओ कार्यालय के समीप सोमवार को ‘अम्बिका सोनोग्राफी डायग्नोस्टिक एंड इंटरवेंशन क्लिनिक’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया, जबकि प्रदेश के मंत्री राजेश अग्रवाल ने फीता काटकर क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह संस्थान सरगुजा संभाग के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्र के मरीजों को अत्याधुनिक हृदय जांच के लिए रायपुर, बिलासपुर या अन्य बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। आधुनिक तकनीक से लैस इस संस्थान में कम समय में सटीक जांच की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा।

मंत्री श्री अग्रवाल ने बताया कि क्लिनिक में ऐसी अत्याधुनिक तकनीक उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से बिना किसी वायर या कैथेटर डाले हृदय की धमनियों में ब्लॉकेज की जांच की जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि अब तक यह सुविधा प्रदेश के चुनिंदा बड़े चिकित्सा संस्थानों तक ही सीमित थी, लेकिन अब सरगुजा के लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इस पहल को क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

   कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्याम लाल जायसवाल ने कहा कि उनके दामाद डॉ. तुषार आनंद ने पटना एम्स तथा नई दिल्ली के प्रतिष्ठित सर गंगाराम अस्पताल जैसे संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। उनके अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ अब सरगुजा अंचल के मरीजों को मिलेगा। उन्होंने क्लिनिक के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का नया केंद्र बनेगा।

गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव एवं अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत ने भी अपने संबोधन में इस नई स्वास्थ्य सुविधा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होना क्षेत्र के नागरिकों के लिए राहत की बात है और इससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

क्लिनिक के संचालन मंडल के सदस्य परमानंद तिवारी ने बताया कि संस्थान में उच्च गुणवत्ता की जांच सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली सहित अन्य राज्यों से अनुभवी विशेषज्ञों की टीम को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों को विश्वसनीय एवं त्वरित जांच सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी आधुनिक उपकरण स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि क्लिनिक का संचालन डॉ. तुषार आनंद, डॉ. अनीशा जायसवाल, शिवलाल जायसवाल एवं परमानंद तिवारी द्वारा किया जाएगा। संस्थान में अत्याधुनिक सीटी स्कैन, सोनोग्राफी (अल्ट्रासाउंड), डिजिटल एक्स-रे, मैमोग्राफी सहित विभिन्न आधुनिक डायग्नोस्टिक एवं इंटरवेंशनल चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

 इसके साथ ही 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में भी मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।

शुभारंभ समारोह में युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान अतिथियों ने संस्थान का अवलोकन कर उपलब्ध अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की जानकारी ली तथा इसे सरगुजा संभाग की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। नई सुविधा के शुरू होने से न केवल अंबिकापुर बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के मरीजों को बेहतर, त्वरित और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।


अन्य पोस्ट