सरगुजा

भाजपा नेताओं से जुड़े मामलों में कार्रवाई की मांग, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आईजी से की मुलाकात
20-Jul-2026 9:20 PM
भाजपा नेताओं से जुड़े मामलों में कार्रवाई की मांग, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने आईजी से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 जुलाई। भाजपा नेताओं एवं उनके समर्थकों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार, मारपीट और जमीन धोखाधड़ी के मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में सरगुजा के आईजी दीपक झा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में सौंपे गए ज्ञापनों पर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी।

प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। कांग्रेस नेताओं ने आईजी को बताया कि पिछले माह कलाकेंद्र मैदान के आबंटन में कथित रिश्वतखोरी से संबंधित एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें मैदान आबंटन के लिए लेन-देन की बातचीत होने का दावा किया गया है। इसके अलावा सीतापुर में राजस्व अधिकारी से कथित मारपीट तथा भि_ीकला में एक विधवा महिला के साथ जमीन खरीद में कथित धोखाधड़ी जैसे मामलों का भी उल्लेख किया गया।

कांग्रेस का आरोप है कि इन मामलों में भाजपा के प्रभावशाली नेताओं अथवा उनके समर्थकों के नाम सामने आने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पार्टी ने कहा कि इन घटनाओं को लेकर थाने से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक कई बार ज्ञापन सौंपे गए।

गत 6 जुलाई को न्याय रैली निकालकर भी आईजी को साक्ष्यों सहित ज्ञापन दिया गया था, लेकिन दो सप्ताह बीतने के बाद भी कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर प्रतिनिधिमंडल ने दोबारा मुलाकात की।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, आईजी दीपक झा ने प्रतिनिधिमंडल को संबंधित मामलों में की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी और आश्वस्त किया कि जांच में अब ठोस परिणाम सामने आएंगे तथा इन मांगों को लेकर दोबारा आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि यदि मामलों में संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि आवश्यकता पडऩे पर भाजपा के मंत्रियों, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान भी पार्टी कार्यकर्ता काला झंडा दिखाकर विरोध दर्ज कराएंगे।

प्रतिनिधिमंडल में संजय विश्वकर्मा, विनीत विशाल जायसवाल, पापिंदर सिंह एवं शुभम जायसवाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट