सरगुजा

जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक बरामद, एक बंदी, एक फरार
19-Jul-2026 8:01 PM
जिला अस्पताल से चोरी हुई बाइक बरामद, एक बंदी, एक फरार

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 19 जुलाई। जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई एक मोटरसाइकिल के मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। आरोपी की निशानदेही पर करीब 50 हजार रुपये की मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जबकि मामले का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार बाबूपारा निवासी गंगा प्रसाद बंजारे ने 13 जुलाई को मणिपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जुलाई की रात वह ड्यूटी के लिए अपनी होंडा शाइन (सीजी-09-जेई-7588) से जिला अस्पताल पहुंचे थे। अस्पताल परिसर में बाइक खड़ी करने के बाद ड्यूटी पूरी कर लौटे तो वाहन गायब मिला। शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नवागढ़ महामाया मंदिर के पास रहने वाले समीर अंसारी उर्फ गजनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी की बाइक को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश की जा रही थी और उसे मठपारा के पास झाडिय़ों में छिपाकर रखा गया था।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व से भी चोरी और आगजनी के मामले दर्ज हैं। वहीं, घटना में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के निर्देशन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सी.पी. तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।


अन्य पोस्ट