सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 19 जुलाई। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत झरगांव में अवैध बिजली हुकिंग के जरिए खेत की सिंचाई करना एक किसान के लिए जानलेवा साबित हो गया। धान की फसल की सिंचाई के दौरान नंगे बिजली तार की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार दोपहर खेत में शव मिलने के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई।
जानकारी के अनुसार, झरगांव निवासी रतन पैंकरा पिता स्वर्गीय सकल राम पैंकरा, शुक्रवार शाम अपने खेत में धान रोपाई के लिए सिंचाई कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने बिजली के खंभे से अवैध हुकिंग कर मोटर पंप चलाया था। इसी दौरान खेत में पानी की स्थिति देखने के दौरान वह कटे हुए नंगे बिजली के तार की चपेट में आ गए, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के समय खेत सूनसान होने के कारण किसी को इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। शनिवार दोपहर दोबारा खेत पहुंचने पर रतन पैंकरा का शव धान के खेत में औंधे मुंह पड़ा मिला। उनके शरीर से बिजली का नंगा तार चिपका हुआ था।
सूचना पर बतौली पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिजली विभाग के सहायक अभियंता आर.पी. सिंह ने बताया कि अवैध बिजली कनेक्शन से होने वाली दुर्घटनाओं में मुआवजा देने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है। यदि अवैध हुकिंग की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में अवैध हुकिंग की अन्य शिकायतों की भी जांच की जा रही है।