सरगुजा

देश का भविष्य बुलडोजर नहीं, किताबों और विश्वविद्यालयों से बनता है- परवेज आलम गांधी
19-Jul-2026 7:59 PM
देश का भविष्य बुलडोजर नहीं, किताबों और विश्वविद्यालयों से बनता है- परवेज आलम गांधी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,19 जुलाई। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज़ आलम गांधी ने कहा है कि किसी भी लोकतांत्रिक राष्ट्र की पहचान उसके स्वतंत्र और सशक्त शिक्षा संस्थानों से होती है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्रियां देने वाले संस्थान नहीं, बल्कि वैज्ञानिक सोच, संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक चेतना के केंद्र होते हैं। शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक प्रतिशोध या प्रशासनिक कार्रवाई का निशाना बनाना देश के भविष्य और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए उचित नहीं है।

रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में परवेज़ आलम गांधी ने उत्तर प्रदेश के रामपुर स्थित जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय के खिलाफ होने वाली कार्रवाई कानून के दायरे में, पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा संस्थानों को राजनीतिक विवादों का केंद्र बनाया जाएगा तो इसका प्रतिकूल प्रभाव पूरे शैक्षणिक वातावरण पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय युवाओं को केवल रोजगार के योग्य नहीं बनाते, बल्कि उन्हें जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक भी तैयार करते हैं। लोकतंत्र को मजबूत करने वाले विचार, सामाजिक न्याय की भावना और संविधान के मूल्यों का प्रसार ऐसे ही संस्थानों से होता है।

परवेज़ आलम गांधी ने कहा कि देश को शिक्षा, शोध, नवाचार और स्वतंत्र चिंतन को बढ़ावा देने वाले माहौल की आवश्यकता है। सरकारों का दायित्व शिक्षा संस्थानों को मजबूत करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और युवाओं के लिए बेहतर अवसर सृजित करना है।

 उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य बुलडोजऱ से नहीं, बल्कि किताबों, शोध, ज्ञान और विश्वविद्यालयों से निर्मित होगा तथा शिक्षा की रक्षा करना लोकतंत्र और संविधान की भावना को सुरक्षित रखने की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है।


अन्य पोस्ट