सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,18 जुलाई। सरगुजा पुलिस ने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराने वाले मकान मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने थाना गांधीनगर क्षेत्र में किरायेदारों की जानकारी छिपाने वाले एक मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी मकान मालिकों से अपने किरायेदारों का ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से अनिवार्य रूप से सत्यापन कराने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, जिला दंडाधिकारी के पूर्व आदेश के तहत किसी भी मकान मालिक को किरायेदार रखने से पहले उसका सत्यापन कराकर संबंधित थाने में जानकारी देना अनिवार्य है। जांच के दौरान पाया गया कि सरगंवा गैस गोदाम के पास रहने वाले राहुल विश्वकर्मा ने अपने मकान में किरायेदार रखे, लेकिन उनका सत्यापन नहीं कराया और न ही इसकी सूचना थाना गांधीनगर को दी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इन्हीं किरायेदारों पर 13 मई की रात गांधीनगर थाना क्षेत्र के घंघरी गेरवानी नाला के पास डकैती और आम्र्स एक्ट से जुड़े गंभीर अपराध में शामिल होने का आरोप है। इस मामले में पहले ही अपराध दर्ज कर कार्रवाई की जा चुकी है। किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने और जिला दंडाधिकारी के आदेश की अवहेलना करने पर राहुल विश्वकर्मा के विरुद्ध बीएनएस की धारा 223 के तहत अलग से अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों सुविधाएं उपलब्ध
सरगुजा पुलिस ने बताया कि किरायेदारों का सत्यापन अब छत्तीसगढ़ पुलिस के समाधान ऐप और सीसीटीएनएस नागरिक सेवा पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ऑनलाइन किया जा सकता है। इसके अलावा संबंधित थाने में आवश्यक दस्तावेज जमा कर ऑफलाइन सत्यापन की सुविधा भी उपलब्ध है।
पुलिस का कहना है कि किरायेदारों का सत्यापन कराने से उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच हो जाती है और असामाजिक तत्वों की पहचान करने में मदद मिलती है। साथ ही किसी अपराध या आपात स्थिति में पुलिस के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध रहती है।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने सभी मकान मालिकों से अपील की है कि वे बिना सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराये पर न रखें। साथ ही आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति के रहने की सूचना मिलने पर तत्काल सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।