सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,18 जुलाई। युवा कांग्रेस और एनएसयूआई ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत जिले के विभिन्न छात्रावासों, कोचिंग संस्थानों और अकादमियों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद किया। अभियान के दौरान छात्रों की समस्याएं सुनने के साथ ही शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और रोजगार जैसे मुद्दों पर उनकी राय भी ली गई। छात्रों का पंजीयन कर उनसे यह भी जाना गया कि वे किस प्रकार की शिक्षा व्यवस्था चाहते हैं।
अभियान का संचालन आदित्येश्वर शरण सिंह देव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। युवा कांग्रेस आरटीआई सेल के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल और विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थियों से मुलाकात कर प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं, रोजगार की कमी तथा शिक्षा की गिरती गुणवत्ता को लेकर चर्चा की।
इस दौरान हिमांशु जायसवाल ने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने नीट परीक्षा में पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को मुआवजा देने, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के स्थान पर अधिक पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा परीक्षा प्रक्रिया में सुधार की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर संवेदनशीलता नहीं दिखा रही है।
विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता ने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है और समय रहते इसमें व्यापक सुधार नहीं किए गए तो आने वाली पीढिय़ों का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और छात्र हितों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता बताई।
युवा कांग्रेस ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के माध्यम से छात्रों की आवाज गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने के साथ सरकार के समक्ष भी प्रमुख मांगों को रखा जाएगा। कार्यक्रम में गौतम गुप्ता, आयुष गुप्ता, प्रमोद जायसवाल, सत्यम यादव, वैभव पांडेय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।