सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,15 जुलाई। विकासखंड लखनपुर अंतर्गत संकुल केंद्र गणेशपुर के हाईस्कूल परिसर में बुधवार को शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान 65 नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर विद्यालय में स्वागत किया गया। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा नवमी की 25 छात्राओं को नि:शुल्क साइकिलों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, रवि अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, जनपद उपाध्यक्ष कामेश्वर रजवाड़े एवं सचिन बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का बैज एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का शिक्षित होना समाज और राष्ट्र के विकास के लिए आवश्यक है। राज्य सरकार शाला प्रवेशोत्सव के माध्यम से बच्चों के विद्यालय में प्रवेश को उत्सव के रूप में मनाकर शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार कर रही है।
विद्यालय की प्राचार्य सुमेधा तिवारी ने विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चारदीवारी निर्माण तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने हेतु आवश्यक कदम उठाने की मांग रखी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया तथा सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा नवमी की छात्राओं को अतिथियों के हाथों साइकिलें प्रदान की गईं। शाला प्रवेशोत्सव में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।