सरगुजा
अंबिकापुर में लगेंगे 3 नए ट्रैफिक सिग्नल, कला केंद्र मैदान के चारों तरफ बनेंगे दुकान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 14 जुलाई। नगर निगम अंबिकापुर की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक मंगलवार को निगम कार्यालय में महापौर मंजूषा भगत की अध्यक्षता में एवं लोक निर्माण विभाग के प्रभारी मनीष सिंह, एमआईसी सदस्य जितेंद्र सोनी की उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में शहर के विकास, यातायात व्यवस्था, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, सार्वजनिक सुविधाओं तथा आवारा मवेशियों के प्रबंधन सहित कुल 14 महत्वपूर्ण एजेंडों पर विस्तार से चर्चा कर विभिन्न प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में नगर निगम के जनहित और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक में शहर की बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए तीन नए प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल स्थापित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। निगम का मानना है कि इससे यातायात व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी और सडक़ दुर्घटनाओं पर भी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी। कला केंद्र मैदान के चारों तरफ दुकान बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, मुख्यमंत्री वृद्धजन एवं विधवा पेंशन तथा राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के लंबित आवेदनों पर भी बैठक में विचार किया गया। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में निगम की दुकानों के नामांतरण, दुकानों के ऊपर प्रथम तल निर्माण की अनुमति तथा नामांतरण शुल्क निर्धारण से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा कर आवश्यक स्वीकृति प्रदान की गई। इससे व्यापारियों और हितग्राहियों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं में सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई।
शहर में लगातार बढ़ रही आवारा मवेशियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उनके पुनर्वास के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण एवं संचालन, वॉल राइटिंग विज्ञापन शुल्क निर्धारण तथा अहाता निर्माण की अनुमति से जुड़े प्रस्तावों पर भी मेयर-इन-काउंसिल ने अपनी सहमति दी।
बैठक का एक महत्वपूर्ण निर्णय शहर के दो सामुदायिक भवनों के नामकरण से भी जुड़ा रहा। एमआईसी ने कबीर वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम ‘बिरसा मुंडा सामुदायिक भवन’ तथा रामानुज वार्ड स्थित सामुदायिक भवन का नाम ‘महारानी अहिल्याबाई होल्कर सामुदायिक भवन ’ रखने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की।
बैठक के बाद महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि बैठक में लिए गए निर्णयों का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को स्वीकृत प्रस्तावों पर शीघ्र अमल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल की इस बैठक में पारित प्रस्तावों से शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने की उम्मीद जताई जा रही है।