सरगुजा

फर्जी केसीसी ऋ ण व खुदकुशी प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग
14-Jul-2026 8:48 PM
फर्जी केसीसी ऋ ण व खुदकुशी प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग

भाजपा किसान मोर्चा ने एसडीओपी को सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सीतापुर,14 जुलाई। केरजू प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में कथित फर्जी केसीसी ऋण वितरण और तत्कालीन समिति प्रबंधक दिनेश गुप्ता की आत्महत्या के मामले में भाजपा किसान मोर्चा ने उच्च स्तरीय, निष्पक्ष एवं व्यापक जांच की मांग उठाई है। इस संबंध में मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने सीतापुर एसडीओपी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई और प्रभावित किसानों को न्याय दिलाने की मांग की।

भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनिल निराला ने कहा कि पुलिस द्वारा पेटला सहकारी बैंक के तत्कालीन प्रबंधक भूपेंद्र सिंह परिहार सहित अन्य के विरुद्ध अपराध दर्ज किए जाने के बाद अब जांच केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला रजिस्ट्रार, संबंधित सुपरवाइजर तथा ऋण स्वीकृति एवं निगरानी से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि यदि करोड़ों रुपये के फर्जी केसीसी ऋण स्वीकृत एवं वितरित हुए हैं, तो यह जांच का विषय है कि कहीं किसी स्तर पर लापरवाही, मिलीभगत अथवा कर्तव्य में चूक तो नहीं हुई। इसके लिए ऋण स्वीकृति से जुड़े अभिलेख, लोन अप्रूवल रजिस्टर, ऑडिट रिपोर्ट, डिजिटल अनुमोदन रिकॉर्ड तथा विभागीय पत्राचार की गहन जांच कर वास्तविक जिम्मेदारों की पहचान की जानी चाहिए।

अनिल निराला ने यह भी कहा कि यदि किसी कर्मचारी पर मानसिक दबाव बनाया गया या अनियमितताओं को छिपाने के कारण प्रतिकूल परिस्थितियां उत्पन्न हुईं, तो इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वाले अधिकारी, कर्मचारी अथवा अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की मांग की।

भाजपा किसान मोर्चा ने कहा कि यह मामला केवल वित्तीय अनियमितता का नहीं, बल्कि किसानों के नाम पर हुए कथित फर्जीवाड़े और सरकारी योजनाओं की राशि के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में दोषियों को दंडित करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में किसानों के साथ इस प्रकार की धोखाधड़ी न हो और सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र किसानों तक पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। मोर्चा ने स्व. दिनेश गुप्ता के परिजनों को न्याय दिलाने, प्रभावित किसानों के हितों की रक्षा करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि दोषियों को सजा और किसानों को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखा जाएगा।


अन्य पोस्ट