सरगुजा
लखनपुर,14 जुलाई। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र की कुन्नी चौकी अंतर्गत ग्राम कोटबर्रा में एक दिव्यांग महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके पक्ष ने महिला की मारपीट कर हत्या किए जाने और घटना को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाते हुए सरगुजा पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में सकरिया निवासी विशाल राम ने बताया है कि उसकी बहन पावरों मझवार जन्म से दिव्यांग थी। उसका विवाह लगभग 17 वर्ष पूर्व कृष्णा पैकरा निवासी कोटबर्रा से हुआ था। बाद में गांव के ही अमरुद मझवार उसे अपने साथ ले गया और दोनों पति-पत्नी के रूप में साथ रहने लगे।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 11 जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे अमरुद मझवार ने पावरों के साथ लाठी से मारपीट की। आरोप है कि उसके हाथ, पैर, पीठ और गले पर गंभीर चोटें पहुंचाई गईं। शिकायतकर्ता का दावा है कि घटना को पड़ोसी मनेष मझवार और कांता मझवार ने भी देखा था।
मायके पक्ष का आरोप है कि मारपीट के कारण महिला की मौत हो गई। इसके बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से शव को कमरे की छत में लगे लकड़ी के मयार में साड़ी के फंदे से लटकाया गया। शिकायत में कहा गया है कि बाद में पड़ोसियों को बुलाकर यह बताया गया कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह कुन्नी पुलिस चौकी पहुंचा था, लेकिन पुलिस ने पहले आरोपी को बुलाकर पूछताछ करने की बात कहते हुए तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
उनका कहना है कि अब तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
इसी को लेकर विशाल राम मंगलवार को सरगुजा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई सामने लाने तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस का पक्ष सामने नहीं आया है। मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के आवेदन पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।