सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 जुलाई। पुलिस मुख्यालय रायपुर के मार्गदर्शन तथा डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में डायल-112 (फेज-2 नेक्स्ट जेन) से जुड़े जिला सरगुजा और बलरामपुर-रामानुजगंज के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में आयोजित इस प्रशिक्षण में कुल 107 अधिकारी-कर्मचारियों को आपातकालीन वाहनों में स्थापित आधुनिक उपकरणों के संचालन और मानक कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में सी-डैक के मास्टर ट्रेनर प्रोजेक्ट मैनेजर गौरव वर्मा एवं गोविंदा (विजन प्लस) ने प्रतिभागियों को पीएफटी, एमडीटी, मोबाइल, पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा सहित अन्य तकनीकी उपकरणों के व्यवहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं डायल-112 के नोडल अधिकारी अमोलक सिंह ढिल्लों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि डायल-112 एकीकृत आपातकालीन सेवा है, जिसके माध्यम से पुलिस, एंबुलेंस और अग्निशमन सेवाएं एक ही नंबर पर उपलब्ध कराई जाती हैं। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 112 डायल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं। कार्यशाला में घटनास्थल तक शीघ्र पहुंचने, जीपीएस आधारित लोकेशन ट्रैकिंग तथा आम नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान आपातकालीन वाहनों में लगे पीटीजेड कैमरों एवं अन्य तकनीकी उपकरणों की नियमित जांच, संचालन और रखरखाव संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए गए। प्रशिक्षण में डीसीसी, ईआरवी, थाना, चौकी, रक्षित केंद्र, यातायात शाखा तथा हाईवे पेट्रोलिंग स्टाफ ने भाग लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य डायल-112 से जुड़े कर्मचारियों को तकनीकी रूप से दक्ष बनाकर आम नागरिकों को अधिक प्रभावी एवं निर्बाध आपातकालीन सेवा उपलब्ध कराना है।