सरगुजा

सुदूर आदिवासी अंचल के बुले खासपारा में मना शाला प्रवेश उत्सव
12-Jul-2026 8:41 PM
सुदूर आदिवासी अंचल के बुले खासपारा में मना शाला प्रवेश उत्सव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर/ अंबिकापुर, 12 जुलाई। सुदूर आदिवासी अंचल के बुले खासपारा स्थित प्राथमिक विद्यालय में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ विकासखंड शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडे, बीपीओ सम्पूरन राय, सरपंच उर्मिला, सरपंच प्रतिनिधि सोमारू राम, पंच रंगमती, मितानिन बिरहुलिया, स्वीपर मानसाय, सहायिका बंधानो बाई सहित बड़ी संख्या में पालक उपस्थित रहे।

 जिला शिक्षा अधिकारी ने मझवार समुदाय के सात नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा उन्हें पाठ्यपुस्तकें कॉपी पेन और बेल्ट वितरित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव है और प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।

श्री झा ने कहा कि शिक्षा की बगैर जीवन जी पाना बेहद मुश्किल है और अब सरकार बेहतर शिक्षा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है बच्चों के मुफ्त पुस्तक शिक्षा व्यवस्था के साथ-साथ उनके आवासीय परिसर की व्यवस्था भी सरकार के द्वारा की जा रही है बच्चे जब आगे कक्षाओं में बढ़ते चले जाते हैं तो उन्हें छात्रवृत्ति के साथ-साथ साइकिल योजना का लाभ और अन्य सुविधाएं भी सरकार के द्वारा दी जा रही हैं ऐसे में आदिवासी अंचल से पढक़र भी बच्चा डॉक्टर इंजीनियर कलेक्टर और अलग-अलग क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकेगा।

कृषि कार्य के दौरान भी बच्चों को नियमित भेजें स्कूल

विकासखंड शिक्षा अधिकारी मृत्युंजय पांडे ने पालकों से अपील करते हुए कहा कि खेती-किसानी के व्यस्त समय में भी बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आग्रह किया।

सरपंच ने साझा किए अपने अनुभव

सरपंच उर्मिला ने कहा कि उनके बचपन में गांव में शिक्षा की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं, जिसके कारण वे अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सकीं। आज सरकार गांव-गांव तक स्कूल, पुस्तकें, गणवेश और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने पालकों से इन सुविधाओं का लाभ उठाकर बच्चों को शिक्षित बनाने की अपील की।

सरपंच प्रतिनिधि सोमारू राम ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा प्रत्येक व्यक्ति की आवश्यकता बन गई है। खेती-किसानी से लेकर बैंकिंग और सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक हर कार्य में पढ़ाई का महत्व बढ़ गया है। इसलिए बच्चों को शिक्षा से जोडऩा समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना

शाला निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा विद्यालय की साफ-सफाई, अनुशासन और शैक्षणिक व्यवस्थाओं से प्रभावित नजर आए, ,, उन्होंने विद्यालय परिसर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए प्रधानपाठक अनूप रंजन सोनी के कार्यों को प्रभावी और अनुकरणीय बताया।

कार्यक्रम का संचालन नारायण प्रसाद साहू द्वारा किया गया, जबकि अंत में प्रधानपाठक अनूप रंजन सोनी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित पालकों का आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट