सरगुजा

दुकान निर्माण पर विवाद, उपाध्यक्ष ने नियम विरुद्ध कार्य व अनियमितता के लगाए आरोप
11-Jul-2026 8:50 PM
दुकान निर्माण पर विवाद, उपाध्यक्ष ने नियम विरुद्ध कार्य व अनियमितता के लगाए आरोप

जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रोका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

लखनपुर, 11 जुलाई। नगर पंचायत लखनपुर में पुराना बस स्टैंड स्थित हमर क्लिनिक के पास निर्माणाधीन दुकानों को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों की शिकायत पर शनिवार सुबह नगर पंचायत उपाध्यक्ष नेहा सन्नी बंसल ने वार्ड क्रमांक-8 में निर्माणाधीन दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उप अभियंता प्रदीप एक्का, नगर पंचायत के पार्षद, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। विवाद के बीच निरीक्षण के बाद संबंधित निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरगुजा कलेक्टर के 28 जुलाई 2025 के आदेश के अनुसार अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग से 22.50 मीटर की दूरी छोडक़र निर्माण किया जाना था, जबकि मौके पर फीते से माप लेने पर निर्माण मुख्य सडक़ से लगभग 13 मीटर की दूरी पर पाया गया। इसे लेकर उन्होंने निर्माण कार्य को नियम विरुद्ध बताते हुए आपत्ति दर्ज कराई।

उपाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दूरभाष पर सूचना देकर मौके पर बुलाने का प्रयास किया, लेकिन उनके अनुसार सीएमओ मौके पर नहीं पहुंचे। उन्होंने सीएमओ पर अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया। साथ ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता और अन्य विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं के संबंध में भी सवाल उठाए।

निरीक्षण के दौरान उप अभियंता प्रदीप एक्का ने कहा कि निर्माण कार्य का लेआउट जनप्रतिनिधियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया था तथा सभी कार्य नियमानुसार किए जा रहे हैं। वहीं नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने भी दूरभाष पर कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित नियमों के अनुरूप कराया जा रहा है।

उपाध्यक्ष नेहा सन्नी बंसल ने मामले की शिकायत नगरीय प्रशासन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों से करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

 उन्होंने कथित अनियमितताओं एवं अभद्र व्यवहार के मामले में भी कार्रवाई की मांग उठाई है।

विवाद के बीच निरीक्षण के बाद संबंधित निर्माण कार्य को फिलहाल रोक दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाएगा। अब इस पूरे मामले में नगरीय प्रशासन विभाग की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।


अन्य पोस्ट