सरगुजा
ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट के बाद हुआ हादसा
अंबिकापुर, 11 जुलाई। गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत नवापारा में शुक्रवार को एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पास में लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर के ब्लास्ट होने के कुछ देर बाद बंद कूलर में करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से युवक की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से सूरजपुर जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम मदनपुर निवासी तथा वर्तमान में नवापारा, अंबिकापुर में रहने वाले रोविन मंडल एसईसीएल बिजुरी में कार्यरत थे। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे घर में परिवार के सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान बारिश हो रही थी और पास में बोरिंग संचालन के लिए लगे बिजली ट्रांसफॉर्मर में अचानक ब्लास्ट हो गया।
परिजनों के मुताबिक, ट्रांसफॉर्मर फटने के कुछ समय बाद रोविन मंडल स्नान कर बाथरूम से बाहर आए और अपने कमरे में चले गए। उन्होंने तौलिया और टी-शर्ट पहनने के बाद कमरे में रखे बंद कूलर पर हाथ रखा और अपनी पत्नी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कूलर में अचानक करंट आ गया और उन्हें जोरदार झटका लगा।
करंट लगते ही रोविन मंडल जमीन पर गिर पड़े। उनकी पत्नी की चीख सुनकर पिता नारायण मंडल और अन्य परिजन कमरे में पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवक बेहोश पड़ा है तथा उसके नाक और कान से खून निकल रहा था। परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए मिशन अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता नारायण मंडल ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें बहू से मिली, जिसने बताया कि बंद कूलर में अचानक करंट प्रवाहित हो गया था। उन्होंने आशंका जताई है कि ट्रांसफॉर्मर ब्लास्ट होने के बाद बिजली व्यवस्था में गड़बड़ी के कारण यह हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।