सरगुजा
लखनपुर, 10 जुलाई। सरगुजा पुलिस के लंबित वारंटों की तामिली अभियान के तहत लखनपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात वर्ष से फरार एक आरोपी सहित कुल तीन स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना लखनपुर पुलिस ने अलग-अलग मारपीट के मामलों में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पहले मामले में वर्ष 2019 के प्रकरण में धारा 294, 506, 323 एवं 34 आईपीसी के तहत आरोपी जमगला निवासी विनोद कुमार मरावी लंबे समय से फरार था। न्यायालय में लगातार अनुपस्थित रहने पर उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी किया गया था।
पुलिस ने करीब सात वर्ष बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
वहीं दूसरे मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्रकरण में ग्राम पुहपुटरा निवासी अर्जुन सिंह (20) और अजय सिंह (21) न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे। दोनों के विरुद्ध भी स्थायी वारंट जारी था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।