सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 जुलाई। सरगुजा पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों और बाइकर्स गैंग के खिलाफ शुक्रवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाते हुए 158 दोपहिया वाहनों पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई, जबकि नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को बुलाकर सख्त हिदायत दी गई।
पुलिस के अनुसार, हाल ही में थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र में बाइकर्स गैंग द्वारा सडक़ पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में युवक यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आए, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर थाना कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणिपुर, कोतवाली अंबिकापुर और यातायात शाखा ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान यातायात शाखा ने 50, थाना कमलेश्वरपुर ने 55, थाना दरिमा ने 40, थाना कोतवाली ने 8 तथा थाना मणिपुर ने 5 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 158 दोपहिया वाहन जब्त किए। इसके अलावा कई वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई भी की गई।
पुलिस ने बताया कि नाबालिग वाहन चालकों के परिजनों को बुलाकर उन्हें यातायात नियमों के पालन के लिए समझाइश दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले तथा आम नागरिकों को परेशान करने वाले बाइकर्स के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी दर्शनीय स्थल या सार्वजनिक स्थान पर बाइकर्स गैंग द्वारा स्टंटबाजी, सडक़ जाम करने या तेज आवाज वाले साइलेंसर से लोगों को परेशान करने की सूचना मिले तो तत्काल सरगुजा पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 या डायल 112 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी तथा सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।