सरगुजा

साढ़े 3 हजार नशीली कैप्सूल जब्त, 2 तस्कर बंदी
10-Jul-2026 11:14 PM
साढ़े 3 हजार नशीली कैप्सूल जब्त, 2 तस्कर बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/सीतापुर,10 जुलाई। नशीली दवाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत संभागीय आबकारी उडऩदस्ता, सरगुजा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3528 नशीली कैप्सूल जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी उडऩदस्ता की टीम शुक्रवार को सीतापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना सीतापुर अंतर्गत ग्राम केसला निवासी सजाद अली अपने घर में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल रखकर बिक्री कर रहा है।

सूचना की तस्दीक के बाद आबकारी टीम ने तत्काल केसला स्थित आरोपी के घर में छापेमारी की। तलाशी के दौरान आरोपी के शयन कक्ष से एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 441 स्ट्रिप में कुल 3528 नकैप्सूल बरामद किए गए। टीम ने नशीले कैप्सूल को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी सजाद अली ने बताया कि बरामद कैप्सूल धेलसरा निवासी महबूब खान के हैं, जो रिश्ते में उसका भांजा है। इसके बाद आबकारी टीम ने तत्काल धेलसरा गांव में दबिश देकर महबूब खान को भी गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (सी) एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद दोनों को विशेष न्यायालय नारकोटिक्स, अंबिकापुर में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट