सरगुजा
अंबिकापुर, 10 जुलाई। मैनपाट क्षेत्र में बाइकर्स समूह द्वारा सडक़ जाम करने, खतरनाक तरीके से बाइक चलाने और तेज आवाज वाले साइलेंसर से आम नागरिकों को परेशान करने के मामले में कमलेश्वरपुर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर मामले में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई को मैनपाट क्षेत्र में बड़ी संख्या में बाइकर्स दो और तीन सवारी बैठाकर तेज रफ्तार व लापरवाही से बाइक चला रहे थे। इससे सडक़ पर दुर्घटना का खतरा बना रहा और आम लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ। शिकायत में बताया गया कि बाइकर्स ने अंबिकापुर, कापू और सीतापुर मार्ग के घाट क्षेत्रों में झुंड बनाकर सडक़ पर बाइक खड़ी कर दी और तेज आवाज में साइलेंसर बजाते हुए हंगामा किया, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना कमलेश्वरपुर में अपराध क्रमांक 41/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाइकर्स समूह के वाहनों और संबंधित युवकों की पहचान की जा रही है, जिसके बाद उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी एवं एसएसपी ने थाना कमलेश्वरपुर सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को ऐसे बाइकर्स गैंग के खिलाफ लगातार अभियान चलाने, मोटर व्हीकल एक्ट एवं अन्य धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरगुजा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी पर्यटन स्थल या अन्य सार्वजनिक स्थान पर बाइकर्स समूह द्वारा सडक़ जाम करने, स्टंटबाजी करने या तेज आवाज वाले साइलेंसर से लोगों को परेशान करने की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 या डायल 112 पर दें।
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी और सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।