सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 जुलाई। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने गुरुवार को व्यापक सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आए लोगों, किरायेदारों, मुसाफिरों तथा विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों का सघन सत्यापन किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने किराये के मकानों, निचली बस्तियों, कॉलोनियों, पान-ठेलों, गुमटियों, होटल-ढाबों तथा अन्य व्यावसायिक संस्थानों में पहुंचकर वहां कार्यरत कर्मचारियों एवं निवासरत लोगों के पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। बस एवं ट्रक संचालकों के यहां कार्यरत चालक, परिचालक, क्लीनर तथा अन्य कर्मचारियों का भी सत्यापन किया गया। पुलिस ने मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों को बाहरी व्यक्तियों को काम पर रखने या किराये पर रखने से पहले संबंधित जानकारी थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान करीब 125 मकानों एवं व्यावसायिक संस्थानों में जांच कर लगभग 450 लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। साथ ही आसपास के नागरिकों से भी अपने क्षेत्र में रहने वाले बाहरी व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को तत्काल देने की अपील की गई।
होटल एवं ढाबा संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि उनके यहां ठहरने वाले किसी भी व्यक्ति का आचरण संदिग्ध प्रतीत होने पर इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना या पुलिस हेल्पलाइन को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में संदिग्ध एवं आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अप्रवासी या अवैध रूप से निवासरत व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 अथवा डायल 112 पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णत: गोपनीय रखी जाएगी।